छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: कपड़े की दुकान में भीषण आग, 7 लाख रुपये से ज्यादा का नुकसान..

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के घोटिया गांव में कपड़े और फैंसी सामान की दुकान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा कपड़ा और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। इस घटना में दुकान संचालक झरना भोंडेकर और उनके पति जयकिशन भोंडेकर को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, आगजनी में 7 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।

ग्रामीणों ने आग बुझाने का किया प्रयास

जानकारी के अनुसार, घोटिया गांव स्थित झरना फैशन कपड़ा एवं फैंसी दुकान में अचानक आग लग गई। आग की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश में जुट गए। डायल 112 की टीम की मदद से आग पर काबू पाया गया।

हालांकि, आग बुझने तक दुकान में रखा काफी सामान जल चुका था। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

मेहनत से खड़ा किया कारोबार प्रभावित

आगजनी की इस घटना से दुकान संचालक को बड़ा आर्थिक झटका लगा है। दुकान में रखे कपड़े और फैंसी सामान के जलने से लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। इस घटना ने दुकानदार के कारोबार को बुरी तरह प्रभावित किया है।

आग लगने की वजह की जांच जारी

दुकान में आग कैसे लगी, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका सहित अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। दुकान संचालक की शिकायत के बाद खैरागढ़ पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान की स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Back to top button