बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह दामाखेड़ा ओवरब्रिज के ऊपर उस समय हड़कंप मच गया, जब चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज होने लगीं। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। समय रहते आग पर काबू पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। घटना ओवरब्रिज पर होने के कारण मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस और दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
भाटापारा से रायपुर जा रहा था ट्रक
बताया जा रहा है कि ट्रक भाटापारा से पारले बिस्किट कंपनी में बिस्कुट निर्माण के लिए इस्तेमाल होने वाली सामग्री लेकर रायपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान दामाखेड़ा ओवरब्रिज पर ट्रक में अचानक आग लग गई।
कोई जनहानि नहीं, यातायात सामान्य
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है। आग बुझने के बाद क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क से हटा दिया गया। फिलहाल रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर यातायात सामान्य बताया जा रहा है।
पुलिस और दमकल विभाग की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे संभावित बड़े हादसे को टालने में मदद मिली।



