छत्तीसगढ़

जशपुरनगर में 11.83 करोड़ से बनेगा हाईटेक बस स्टैंड, एक साथ खड़ी होंगी 40 बसें..

रायपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर जशपुरनगर में 11 करोड़ 83 लाख 62 हजार रुपये की लागत से आधुनिक हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए स्वीकृति मिल चुकी है और फिलहाल टेंडर प्रक्रिया जारी है।

लगभग तीन एकड़ क्षेत्र में बनने वाले इस बस टर्मिनल में एक साथ 35 से 40 बसों के ठहराव की व्यवस्था होगी। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ शहर की परिवहन व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

पुराने मवेशी बाजार परिसर में बनेगा बस स्टैंड

प्रस्तावित हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण जशपुरनगर के वार्ड क्रमांक 8 स्थित पुराने मवेशी बाजार परिसर में किया जाएगा। वर्तमान में जिला मुख्यालय के बस स्टैंड से प्रतिदिन 100 से अधिक बसों का आवागमन होता है और 5 हजार से ज्यादा यात्री सफर करते हैं।

यहां से जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के अलावा झारखंड, ओडिशा, बिहार और पश्चिम बंगाल सहित अन्य स्थानों के लिए बस सेवाएं संचालित होती हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए आधुनिक बस टर्मिनल की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।

वेटिंग हॉल से लेकर डिजिटल स्क्रीन तक की सुविधा

नए बस स्टैंड को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। यहां यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, लिफ्ट, आधुनिक शौचालय और डिजिटल सूचना स्क्रीन जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं। डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से बसों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी उपलब्ध कराने की योजना है।

इसके अलावा परिसर में 40 दुकानों का निर्माण भी प्रस्तावित है। इससे यात्रियों को जरूरी सामान और सेवाएं मिल सकेंगी। साथ ही स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

प्रतिदिन हजारों यात्रियों को मिलेगा लाभ

जशपुरनगर जिले का प्रमुख परिवहन केंद्र है। यहां आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार, रोजगार और सरकारी कार्यों के लिए पहुंचते हैं। आधुनिक बस स्टैंड बनने से यात्रियों को व्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण मिलेगा।

बसों के ठहराव और संचालन को व्यवस्थित करने से शहर की यातायात व्यवस्था में भी सुधार होने की उम्मीद है। विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को सहूलियत मिलेगी।

कुनकुरी और पत्थलगांव में भी बनेंगे आधुनिक बस स्टैंड

जशपुरनगर के अलावा कुनकुरी और पत्थलगांव में भी आधुनिक बस स्टैंड निर्माण की स्वीकृति दी गई है। वहीं, बंदरचुआ और दुलदुला में एक-एक करोड़ रुपये की लागत से बस स्टैंड का निर्माण कार्य जारी है।

इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं का विस्तार होगा। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Back to top button