राजनांदगांव । झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव निवासी एक परिवार की तीन महिलाओं की मौत हो गई। ट्रक और कार के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में कारोबारी की पत्नी और उनकी दो बेटियों ने दम तोड़ दिया, जबकि परिवार के दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में कार सवार 9 महीने का बच्चा सुरक्षित बच गया।
धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर की सुबह परिवार राजनांदगांव से कार में सवार होकर जमशेदपुर जा रहा था। इसी दौरान पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में कुदापी डाउन के पास रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पत्नी और दो बेटियों की मौत
इस दर्दनाक हादसे में अमृत कौर (45), अमनदीप कौर (15) और गुर सिमरन कौर (11) की मौत हो गई। वहीं, परिवार के हरमन कौर (6) और प्रदीप सिंह (57) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया है।
9 महीने का बच्चा सुरक्षित
हादसे के दौरान कार में सवार 9 महीने का बच्चा सुरक्षित बच गया। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत और दो सदस्यों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर से राजनांदगांव में शोक का माहौल है। परिवार धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।



