छत्तीसगढ़

परिजनों के साथ उप मुख्यमंत्री साव से मिलीं संजू देवी, भारतीय महिला कबड्डी टीम के गोल्ड मेडल तक का सफर किया साझा..

रायपुर। एशियन गेम्स-2026 में महिला कबड्डी में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाली छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी ने रायपुर लौटने के बाद उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव से मुलाकात की। नवा रायपुर स्थित शासकीय निवास कार्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान उप मुख्यमंत्री ने संजू देवी का अभिनंदन कर उनका उत्साह बढ़ाया।

माता-पिता का भी किया सम्मान

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने संजू देवी की उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी। इस दौरान उन्होंने संजू की माता अमरीका बाई और पिता रामजी का भी अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि संजू ने एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर भारत के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के लोगों को भी गौरवान्वित किया है।

गोल्ड मेडल तक का सफर जाना

मुलाकात के दौरान उप मुख्यमंत्री साव ने संजू देवी से एशियन गेम्स के अनुभवों और भारतीय महिला कबड्डी टीम के स्वर्ण पदक तक के सफर की जानकारी ली। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान सामने आई चुनौतियों, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने के अनुभव और वहां के विभिन्न पहलुओं पर भी संजू से चर्चा की।

‘अनुभव का लाभ दूसरे खिलाड़ियों को भी मिलेगा’

अरुण साव ने कहा कि एशियन गेम्स जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर संजू देवी को मिला अनुभव केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि तक सीमित नहीं रहेगा। उनके अनुभवों का लाभ छत्तीसगढ़ के अन्य खिलाड़ियों को भी मिलेगा और इससे प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा मिलेगी।

संजू देवी की इस मुलाकात के दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो भी मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Back to top button