जांजगीर-चांपा। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम कोसा में युवक अमित भंडारी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक का गांव की ही संतोषी सिंह से प्रेम प्रसंग था। 27 जून की रात अमित संतोषी से मिलने उसके घर के पीछे पहुंचा था।
इसी दौरान संतोषी का भाई बजरंग सिंह वहां पहुंच गया और दोनों को साथ देखकर आक्रोशित हो गया। विवाद के बाद बजरंग ने पास पड़े फावड़े से अमित के सिर और छाती पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को बाड़ी में छिपा दिया। अगले दिन उसके बड़े भाई पप्पू सिंह के लौटने पर दोनों ने मिलकर शव को दूसरी जगह ठिकाने लगा दिया। पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपियों ने मृतक के परिजनों के साथ थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई।
पुलिस ने जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले का खुलासा किया। पुलिस ने संतोषी सिंह, बजरंग सिंह और पप्पू सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल फावड़ा और शव को ले जाने में इस्तेमाल की गई सीढ़ी भी बरामद की गई है।



