सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के नेहरू पार्क इलाके में रविवार देर शाम 19 वर्षीय युवती पर अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी हालत नाजुक होने पर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान लटोरी क्षेत्र निवासी राधिका राजवाड़े के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। वहीं, इलाज के दौरान युवती द्वारा पुलिस को अनलॉक कर सौंपे गए मोबाइल फोन को भी जांच का अहम आधार बनाया गया है। कॉल डिटेल और मोबाइल डेटा के जरिए पुलिस हत्या के कारण और आरोपी की तलाश कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है और मामले की जांच जारी है।



