गरियाबंद। शिक्षा विभाग में लंबे समय से चल रहे संलग्नीकरण (अटैचमेंट) को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। खबर प्रकाशित होने के बाद जिला शिक्षा विभाग ने 17 शिक्षक-कर्मचारियों को उनकी मूल पदस्थ संस्था में वापस भेजने का आदेश जारी कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, सभी संबंधित शिक्षक-कर्मचारियों को तत्काल अपनी मूल पदस्थ संस्था में पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करना होगा। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी बीईओ, प्राचार्यों और कार्यालय प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि संबंधित कर्मचारी मूल संस्था में कार्यभार ग्रहण करने के बाद ही अगले माह का वेतन प्राप्त कर सकेंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
इस कार्रवाई को शिक्षा विभाग में लंबे समय से जारी संलग्नीकरण व्यवस्था पर बड़ी प्रशासनिक पहल माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आगे भी नियमों के अनुसार कार्रवाई जारी रहेगी।



