छत्तीसगढ़

रायगढ़ पहुंचते ही खुला सच, पहले ही हो चुकी थी मरीज की मौत..

खरसिया। सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान एक 22 वर्षीय युवक की मौत के बाद जमकर हंगामा हो गया परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने युवक की मौत के बाद भी उसे जीवित बताकर मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर कर दिया। जब रायगढ़ अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने बताया कि युवक की मौत पहले ही हो चुकी थी।

मृतक की पहचान ताम्रेश्वर शर्मा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार उसे खूनी दस्त और पाइल्स की शिकायत थी। खरसिया सिविल अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन की सलाह दी और सहमति मिलने के बाद उसे भर्ती कर ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया।

ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने परिजनों को बताया कि मरीज को होश नहीं आ रहा है और उसे मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर किया जा रहा है। लेकिन रायगढ़ पहुंचने पर डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया और बताया कि उसकी मौत पहले ही हो चुकी थी। इसके बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा।

आक्रोशित लोगों ने खरसिया सिविल अस्पताल पहुंचकर जमकर हंगामा किया और सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Back to top button