बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र में इवेंट आर्गनाइजर के फार्म हाउस में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने देर रात फार्म हाउस में घुसकर करीब 7 लाख रुपए के कैश और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने पहले फार्म हाउस के मेन गेट का ताला तोड़ा, फिर कमरे में रखी अलमारी को तोड़कर उसमें रखे 1.50 लाख रुपए नकद, सोने-चांदी के जेवरात, चांदी की मूर्तियां और सिक्के चोरी कर लिए।
चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए परिसर में लगे CCTV कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया, लेकिन पूरी घटना DVR में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में नकाबपोश बदमाश हथियारों के साथ नजर आ रहे हैं।
फार्म हाउस इवेंट आर्गनाइजर संगीता जैन का बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।



