रायपुर। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से ठगी के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। ठगी करने वाले आरोपी को रायपुर पुलिस ने ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी खुद को भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन का पीए बताकर विधायक से पैसों की मांग कर रहा था। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी का पता लगाया और उसे हिरासत में ले लिया। बुधवार सुबह पुलिस पूरे मामले का खुलासा कर सकती है।
आरोपी ने विधायक पुरंदर मिश्रा को फोन कर खुद को भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन का पीए बताया था। उसने कहा कि वह भुवनेश्वर जा रहा है और रास्ते में ड्राइवर से विवाद होने के कारण परेशानी में फंस गया है। आरोपी ने डीजल भरवाने और तत्काल जरूरत बताकर पैसों की मांग की।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल पर भाजपा के कई बड़े नेताओं के साथ तस्वीरें लगा रखी थीं, जिससे उस पर आसानी से भरोसा हो गया। पहले आरोपी ने 4500 रुपए मांगे, लेकिन विधायक ने स्थिति को गंभीर समझते हुए जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा के जरिए आरोपी के खाते में कुल 10 हजार रुपए ट्रांसफर करा दिए।
करीब डेढ़ घंटे बाद आरोपी ने फिर से पैसों की मांग की। इस बार विधायक को शक हुआ। उन्होंने सीधे नितिन नवीन के कार्यालय में संपर्क कर जानकारी ली, जहां पता चला कि उस नाम का कोई व्यक्ति वहां कार्यरत नहीं है।
इसके बाद खम्हारडीह थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस ने मोबाइल नंबर, बैंक खाते और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन ओडिशा में मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने इस तरह और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और कई अहम खुलासों की संभावना जताई जा रही है।
इस घटना के बाद विधायक पुरंदर मिश्रा ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान नंबर से पैसे की मांग होने पर पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे संपर्क कर जानकारी की पुष्टि जरूर करें।



