राजिम। नवापारा-राजिम क्षेत्र में महानदी किनारे चल रहे तटबंध निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माण स्थल पर काम कर रहे 16 वर्षीय किशोर मजदूर हर्ष साहू की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार और एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
मृतक हर्ष साहू धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम खुरसेंगा का रहने वाला था। वह ग्राम कोलियारी और पारागांव के बीच महानदी किनारे चल रहे तटबंध निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था।
रविवार सुबह काम के दौरान हर्ष को अचानक चक्कर आया और वह मौके पर ही गिर पड़ा। साथी मजदूरों ने तुरंत उसे इलाज के लिए कुरूद अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे नवापारा रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के दबाव में मजदूरों की सुरक्षा से समझौता किया जा रहा था। मजदूरों को कठिन परिस्थितियों में लगातार काम कराया जा रहा था। मौके पर हेलमेट, पीने के पानी और अन्य जरूरी सुविधाओं का भी अभाव बताया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधी उचित व्यवस्था होती, तो संभवतः किशोर मजदूर की जान बचाई जा सकती थी। फिलहाल गोबरा नवापारा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



