कवर्धा। शहर के लोहारा नाका स्थित झंडा चौक इलाके में गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक कच्चे मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा घर जलकर राख हो गया। घटना के बाद इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
यह मकान हेमंत मसीह का बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक दोपहर के समय हेमंत मसीह और उनके बेटे साजन मसीह के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के कुछ देर बाद ही घर में आग लग गई। आसपास के लोगों ने आशंका जताई है कि गुस्से में आकर बेटे ने आग लगाई हो सकती है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
आग की लपटें इतनी भयावह थीं कि घर में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय घर के अन्य सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। आग लगने के बाद इलाके में कुछ देर तक दहशत का माहौल बना रहा।
कोतवाली थाना प्रभारी योगेश कश्यप ने बताया कि झंडा चौक के पास एक कच्चे मकान में आग लगने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में पिता-पुत्र के बीच विवाद की बात सामने आई है, लेकिन आग लगने की असली वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।



