छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर में बुधवार तड़के एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। रात्रि गश्त पर निकले पुलिसकर्मियों की बाइक को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कोतवाली थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक विजय बैरागी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नगर सैनिक दिलीप पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल जवान को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 3:30 बजे प्रधान आरक्षक विजय बैरागी और नगर सैनिक दिलीप पांडे सरकारी ड्यूटी के तहत शहर में रात्रि गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सिहावा चौक स्थित ‘संजय आर्ट्स’ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन (CG05 AV 0232 हिन्द ट्रांसपोर्ट) ने उनकी मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप चालक बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। हादसे में प्रधान आरक्षक विजय बैरागी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि नगर सैनिक दिलीप पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है।



