छत्तीसगढ़

SECL खदान में बड़ा हादसा: हाइड्रोलिक सिलेंडर फटने से 1 मजदूर की मौत, 2 गंभीर रूप से घायल..

कोरबा। एसईसीएल की कुसमुंडा खदान में एक दर्दनाक हादसे में ठेका कंपनी के श्रमिक की मौत हो गयी। खदान क्षेत्र में ब्रेकडाउन मशीन की मरम्मत के दौरान हाईड्रोलिक सिलेंडर फटने से नीलकंठ ठेका कंपनी में कार्यरत मशीन ऑपरेटर की मौके पर ही मौत हो गई।

कुसमुंडा परियोजना में जान गंवाने वाले मजदूर की पहचान संजय देवांगन के रूप में हुई है। संजय मूलतः बलरामपुर जिले का निवासी था और वर्तमान में कुसमुंडा खदान में नीलकंठ कंपनी के अंतर्गत मशीन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था।  संबंधित मशीन में तकनीकी खराबी आने के बाद उसका मरम्मत कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक हाईड्रोलिक सिलेंडर में तेज दबाव बनने से जोरदार विस्फोट हुआ।

वहीं इस घटना में दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए है। जिन्हे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही एसईसीएल प्रबंधन, पुलिस और ठेका कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू कर दी गई है। कुसमुंडा खदान में हुए इस हादसे को लेकर कर्मचारियों में नाराजगी देखी जा रही है।

वहीं इस हादसे के बाद खदान में कार्यरत मजदूरों की सुरक्षा को लेकर बरती जा रही लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है। भारी मशीनों की मरम्मत के दौरान अक्सर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन नहीं किया जाता। जिसके कारण इस तरह की घटनाएं बार-बार आती हैं। फिलहाल पुलिस ने इस घटना पर मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। वहीं एसईसीएल प्रबंधन द्वारा हादसे के कारणों की आंतरिक जांच के निर्देश दिए गए हैं। कुसमुंडा खदान में हुए इस हादसे ने एक बार फिर कोयला खदानों में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था और ठेका कंपनियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Back to top button