रायपुर। राजधानी के एक कारोबारी ने जहर खाकर आत्महत्या कर लिया है। कारोबारी ने महादेव सट्टा ऐप से जुड़े लोगों को 10 लाख रुपए उधार दिए थे, जब उसने इस पैसे को वापस मांगे तो सामने से उसे जान से मारने की बार-बार धमकी मिलने लगी। इससे परेशान होकर संदीप बग्गा ने आत्महत्या कर ली। पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के राजातालाब का है। सिविल लाइन पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर एक नीतेश मित्तल उर्फ गुप्ता के खिलाफ FIR दर्ज कर लिया है।
रायपुर में मृतक संदीप बग्गा सेक्टर 2 शंकर नगर के रहने वाले थे। उन्होंने 9 मई को कीटनाशक पी लिया था। इसके बाद घर वालों ने उसे गंभीर हालत में रायपुरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां रविवार 12 मई को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
महादेव एप से जुड़े व्यक्ति को दिए थे 10 लाख उधार
सिविल लाइन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक ने अपने सुसाइड नोट में लिखा कि नीतेश मित्तल उर्फ गुप्ता को उसने 10 लाख रुपए उधार दिया था। नितेश महादेव सट्टा, लोटस बुक और रेड्डी ऐप का लंबा चौड़ा काम करता है। जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो वह टाल-मटोल करने लगा। इन पैसों को लेकर मृतक को अलग-अलग नंबरों से फोन आने लगे। उसे जान से मारने की धमकी मिलने लगी, जिससे कारोबारी संदीप बग्गा ने मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हो गया। उसने कीटनाशक जहर पी लिया।
वहीं मामले को लेकर सिविल लाइन थाना प्रभारी रोहित मानेकर ने कहा कि जहर खाने की जानकारी मिलते ही आरोपी फरार हो गया है। फिलहाल सुसाइड नोट के आधार पर FIR दर्ज की गई है। पुलिस की टीम लगातार आरोपी के ठिकाने और घर पर छापेमारी कर रही है।



