
रायपुर
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को कांकेर जिले के दौरे पर है। आज भानुप्रतापपुर विधानसभा प्रवास के दौरान श्री बघेल ने दुर्गूकोंदल में महिला किसान सविता उईके के घर पहुँचे। उन्होंने सविता के घर जमीन पर बैठ कर भोजन किया। सविता उईके ने मुख्यमंत्री को करमत्ता भाजी, कोलियारी भाजी, चेंच भाजी, रखिया बड़ी एवं आलू की सब्जी, जिमी कंद की सब्जी, उड़द-मूंग दाल, चांवल, रोटी, जिर्रा फूल की चटनी, आम चटनी एवं मड़िया पेज परोसा। इसके बाद खीर, छिन्द, जामुन और देशी आम का भी मुख्यमंत्री ने स्वाद लिया।

भोजन के बाद मुख्यमंत्री ने परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों से पूछा कि वे स्कूल जाते हैं? तो बच्चों ने गर्व से बताया कि वे दोनों आपकी ओर से खोले गए स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में पहली एवं चौथी कक्षा में पढ़ते हैं। मयंक पहली में और रिहान चौथी क्लास में है। जिस पर मुख्यमंत्री ने दोनों बच्चों को चाॅकलेट एवं अन्य पुरस्कार दिए। बच्चों की माता ने भी मुख्यमंत्री से कहा कि आपकी ओर से शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोले जाने से ही यह संभव हो सका है कि हमारे जैसे कृषक परिवार के बच्चे भी अब अंग्रेजी माध्यम स्कूल में पढ़ पा रहे हैं।



