कवर्धा। जिले के सहसपुर लोहारा ब्लाॅक के कोयलारी गांव में डायरिया की कहर से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि 50 से ज्यादा लोग बीमार हैं। कुएं का दूषित पानी पीने के कारण ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ी है। गांव के भाटापारा वार्ड- 1 से 3 के रहवासी सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, कोयलारी गांव में डायरिया का पहला केस 6 मई को आया था, जहां एक ही परिवार के 4 सदस्यों को उल्टी- दस्त थी। उसी दिन डायरिया के 7 प्रकरण सामने आए थे। इसके बाद रोज ही मरीज मिलने लगे। स्वास्थ्य विभाग ने गांव के ही हाईस्कूल में कैंप लगाया है, जहां बीमार लोगों का इलाज किया जा रहा है।
बिसाहिन बाई पति अमीलाल (60) को गंभीर स्थिति में ग्राम सिंघनपुरी स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया था, जहां पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। हालांकि, डॉक्टर्स का कहना है कि बिसाहिन बाई लंबे समय से लकवाग्रस्त थी। उसकी मौत डायरिया से नहीं हुई।
स्कूल में अस्थायी केंद्र, टेबल पर मरीजों का इलाज
बीते 6 दिन में डायरिया के 50 से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं। 6-7 मरीज सिंघनपुरी के निजी अस्पताल में, तो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी 5- 6 मरीज इलाज के लिए भर्ती हैं। गांव के हाईस्कूल में स्वास्थ्य कैंप लगाया गया है, जहां रविवार को 17 मरीजों का इलाज किया जा रहा था। बेड की जगह टेबल पर मरीजों का इलाज हाे रहा है।
17 मरीजों का इलाज जारी
हाईस्कूल में बने स्वास्थ्य कैंप में रविवार को 17 मरीजों का इलाज किया जा रहा है। इनमें सुखरीदी साहू, दुर्गेश्वरी (13), संगीता (14), सरिता (16), रेशमी (11), राधिका (26), लक्की साहू (9), चांदनी (15), नेम सिंह (53), सुद्घू साहू (60), संजय मरकाम (22), यूमित साहू (4), पिमिका (9), सोखा लाल (40), गोहतरीन बाई (50), दयाबती (54) और रामकली साहू (45) शामिल है।
गंभीर स्थिति को देखते हुए पप्पू साहू, राधिका और रेशमी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहारा रेफर किया गया है। डायरिया के चलते मितानिनों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अलर्ट पर रखा गया है। मितानिनों की टीम घर- घर जाकर ग्रामीणों को ओआरएस घोल पिला रही हैं। वहीं सर्वे भी किया जा रहा है।
कोयलारी में कुएं का दूषित पानी पीने से डायरिया फैलना बताया जा रहा है। हर दूसरे घर में 1 कुआं है। गांव की कुल आबादी 2500 के लगभग है। 100 से ज्यादा घरों में कुएं हैं। इनमें से अधिकांश कुएं का उपयोग पेयजल के लिए किया जाता है।



