वर्ल्ड

होर्मुज जलडमरूमध्य में हलचल: अमेरिकी जहाज ने संभाली कमान, बारूदी सुरंगों की सफाई जारी; ईरान की कड़ी चेतावनी

वाशिंगटन.
ईरान से जारी बातचीत के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को सोशल मीडिया पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सैन्य बलों ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को साफ करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के सभी 28 माइन ड्रॉपर जहाजों को डुबो दिया गया है और वे अब समुद्र की तलहटी में पड़े हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी बलों ने ईरान की नौसेना और वायुसेना को पूरी तरह नष्ट कर दिया है, साथ ही उसके बैलिस्टिक मिसाइल और परमाणु कार्यक्रमों को भी गंभीर क्षति पहुंचाई है।

अमेरिका का दावा है कि अमेरिकी नौसेना के कई जहाज शनिवार को होर्मुज स्ट्रेट को पार कर गए, जो ईरान के साथ तालमेल के बिना किया गया कदम था। एक्सिओस ने एक अज्ञात अमेरिकी अधिकारी के हवाले से यह खबर दी। खबर में कहा गया कि संघर्ष शुरू होने के बाद यह पहली बार हुआ है जब ऐसा कदम उठाया गया हो। हालांकि, ईरान अमेरिकी मीडिया के इस दावे से इससे इनकार कर रहा है।
अमेरिकी दावे से ईरान का इनकार

ईरानी स्टेट टेलीविजन ने शनिवार को अमेरिकी सैन्य जहाज को 30 मिनट के अंदर हमला करने की चेतावनी दी। रिपोर्ट के मुताबिक, कई अमेरिकी नौसेना के जहाज होर्मुज स्ट्रेट पार करने की कोशिश कर रहे हैं, जो संघर्ष शुरू होने के बाद पहली बार हुआ। ईरान की सेमी-ऑफिशियल न्यूज एजेंसी फार्स के अनुसार, एक अमेरिकी डिस्ट्रॉयर फुजैरा से जलमार्ग की ओर बढ़ा, जिस पर ईरान ने नजर रखी और पाकिस्तानी मध्यस्थों के जरिए चेतावनी भेजी। इसके बाद अमेरिकी जहाज वापस लौट गया।

ताजा घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब पाकिस्तान की मध्यस्थता में ईरान और अमेरिका के बीच शांति वार्ता शनिवार को इस्लामाबाद में शुरू हुई। सूत्रों ने बताया कि बातचीत पाकिस्तानी अधिकारियों के माध्यम से संदेशों के आदान-प्रदान से शुरू हुई, जिससे संकेत मिलता है कि शुरुआती बातचीत परोक्ष रूप से हुई। उन्होंने कहा कि अगर कोई सकारात्मक घटनाक्रम होता है तो सीधी बातचीत भी हो सकती है। सूत्रों ने बताया कि बातचीत के लिए ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गालिबफ के नेतृत्व में ईरानी प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार रात इस्लामाबाद पहुंचा, जबकि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के नेतृत्व में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल शनिवार सुबह पहुंचा।

Leave a Reply

Back to top button