पटना.
राज्य के सभी 70 हजार सरकारी प्रारंभिक विद्यालयों में अप्रैल से नये शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होगी। इसे ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग ने पहली से आठवीं कक्षा तक के बच्चों को एक से दस अप्रैल के बीच पाठ्य-पुस्तकों को वितरित करने का निर्देश दिया है।
इससे एक करोड़ 33 लाख बच्चे लाभान्वित होंगे। बिहार राज्य पाठ्य पुस्तक प्रकाशन निगम के एक उच्च पदाधिकारी ने बताया कि सभी 38 जिलों को किताबों के सेट यानी किट उपलब्ध करा दिया गया है। ये किताबें संकुल संसाधन केंद्रों से संबंधित विद्यालयों में उपलब्ध करायी जा रही है।
एक करोड़ से ज्यादा सेट तैयार
प्रधान शिक्षकों या प्रधानाध्यापकों के साथ प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी बच्चों के बीच पुस्तकों के वितरण सुनिश्चित करेंगे। पुस्तकों का एक करोड़ 33 लाख 85 हजार सेट तैयार कराया गया है। शिक्षा विभाग के मुताबिक, सरकारी विद्यालयों में पहली से पांचवीं कक्षा तक नामांकित बच्चों की संख्या 83,21,515 है।
सत्र के शुरूआत में ही बच्चों को मिलेगी किताबें
वहीं कक्षा छह से आठ तक के नामांकित बच्चों की कुल 50,51,769 है। बच्चों की जरूरत के हिसाब से पुस्तकों का सेट तैयार कर उसे विद्यालयों तक उपलब्ध करायी जा रही है। इसके लिए संकुल संसाधन केंद्रों को समन्वयक की भूमिका दी गई है। लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि सत्र की शुरुआत में ही सभी बच्चों के पास अपनी किताबें हों ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।



