रायपुर। राजधानी रायपुर में गुढ़ियारी थाना क्षेत्र स्थित बिजली विभाग के कैंपस के ट्रांसफार्मर में शॉर्ट-सर्किट की वजह से भीषण आग लग गई है। देखते ही देखते आग बढ़ती गई। आग बढ़ने की वजह से ट्रांसफार्मर ब्लास्ट होते रहे हैं। ट्रांसफर में आग की वजह से तेज धमाके हुए। इससे कई किलोमीटर दूर तक आवाज सुनी गई। इससे आग और फैलती गई। वहीं हादसे की सूचना मिलने पर रायपुर कलेक्टर, एसपी, एसडीएम सहित जिला प्रशासन के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं।
बताया जा रहा है कि गोदाम में लगभग 6000 ट्रांसफार्मर रखे थे, जिसमें से 1500 ट्रांसफार्मर जलकर खाक हो गए हैं। यातायात पुलिस ने तीन किलोमीटर के दायरे को खाली कराया है। साथ ही उस रास्ता को ब्लॉक कर दिया गया है।
गुढ़ियारी के बिजली दफ्तर में लगी आग ने विकराल रूप ले लिया है। पिछले चार घंटे से अग्निशमन, SDRF समेत आधा दर्जन से ज्यादा विभागों की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है। वहीं प्रशासन ने तीन बस्तियों को खाली करा दिया है। यह भीषण आग अब भी नियंत्रण के बाहर है। अब तक पंद्रह दमकल की गाड़ियां रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है। वहीं आग को फैलने से बचाने के लिए पानी टंकी का चेंबर वाल तोड़कर जमीन को गीला किया जा रहा है। करोड़ों का नुकसान हो गया है। बिजली आपूर्ति पर भी असर पड़ गया है।
आग पर नियंत्रण न होने से जिला प्रशासन की ओर से भिलाई स्टील प्लांट से भी मदद मांगी गई। भिलाई इस्पात संयंत्र-बीएसपी की ओर से तत्काल मदद के तौर पर 2 दमकल की गाड़ियां रायपुर भेज दी गई है। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस दमकल की गाड़ियों के साथ पूरी टीम भेजी गई है। आग को काबू करने के लिए फोम से लैस टेंडर मशीन भेजी गई है, ताकि स्थिति को संभाला जा सके। बीएसपी के जनसंपर्क विभाग के जीएम प्रशांत तिवारी के अनुसार पहले चरण में दो दमकल गाड़ियों को रायपुर भेजा गया है। जरूरत पड़ने पर और तैयारियां की जा रही है।
कलेक्टर गौरव सिंह ने कहा, आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है। पूरा जिला प्रशासन रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटा हुआ है। इस पूरे मामले पर जांच बिठाई जाएगी। वहीं रायपुर एसएसपी संतोष सिंह ने बताया कि पूरे इलाके को चारों तरफ से घेरकर रेस्क्यू ऑपरेशन किया जा रहा है। पुलिस विभाग के सभी अधिकारी और जवान रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हुए हैं। आग लागातार फैल रही है। रायपुर से लगे अन्य जिलों से भी टीम को बुलाया जा रहा है।



