रायपुर। तीन विधायकों ने आज मंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल रमेन डेका ने छत्तीसगढ़ के तीन नए मंत्रियों को शपथ दिलाई। राजभवन के दरबार हॉल में गरियामय समारोह में तीनों मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह हुआ। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत उनके मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, विधायक, सांसद और गणमान्य लोग मौजूद थे।
शपथ लेने के बाद तीनों को दिल्ली बुलाया गया है। तीनों नए मंत्रियों के लिए स्टेट गैरेज से 3 कारें भी पहुंची। वहीं राजभवन के बाहर नए मंत्रियों के समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी की, जिंदाबाद के नारे लगाए। ढोल नगाड़ों की थाप पर थिरके।
तीन नए मंत्रियों के शपथ लेने के बाद विष्णुदेव साय मंत्रिपरिषद में अब मंत्रियों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। इससे पहले अभी तक मुख्यमंत्री के अलावा 12 मंत्री होते थे। 2004 में कुल विधायकों का 15 परसेंट मंत्रियों की संख्या का नियम आने के बाद छत्तीसगढ़ के 90 सदस्यीय विधायकों में से 12 मंत्री होते थे। मगर पिछले साल हरियाणा में 90 विधायकों में 13 मंत्री बनाए जाने के बाद छत्तीसगढ़ में भी इसकी मांग जोर पकड़ने लगी थी। बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व की हरी झंडी मिलने के बाद छत्तीसगढ़ में भी अब 13 मंत्री हो गए हैं।
तीन नए मंत्रियों का प्रोफाइल
राजेश अग्रवाल का प्रोफाइल
सरगुजा जिले की अंबिकापुर सीट से भाजपा विधायक राजेश अग्रवाल ने इस बार बड़ा करिश्मा कर दिखाया। कांग्रेस छोड़ भाजपा में आए अग्रवाल ने अपने ही राजनीतिक गुरु और प्रदेश के डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव को पटखनी दे दी। हालांकि यह जीत बेहद रोमांचक रही क्योंकि वे सिर्फ 94 वोटों के अंतर से विजयी हुए। व्यवसायिक परिवार से ताल्लुक रखने वाले अग्रवाल मारवाड़ी समाज के लोकप्रिय चेहरा हैं। 2002 से राजनीति में सक्रिय अग्रवाल पहले उपसरपंच और फिर नगर पंचायत अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनके संघर्ष और ज़मीनी पकड़ ने ही उन्हें विधानसभा तक पहुंचाया।
गजेंद्र यादव का प्रोफाइल
दूसरे नए मंत्री बनने जा रहे हैं गजेंद्र यादव, जिन्होंने दुर्ग शहर से चुनाव लड़ा और कांग्रेस के दिग्गज नेता अरुण वोरा को शिकस्त दी। अरुण वोरा न सिर्फ सीटिंग MLA थे बल्कि पूर्व मुख्यमंत्री मोतीलाल वोरा के बेटे भी हैं। गजेंद्र यादव ने शानदार जनसंपर्क और साफ-सुथरी छवि के बल पर जनता का भरोसा जीता और 48,697 वोटों के भारी अंतर से जीत हासिल की। वे आरएसएस से जुड़े रहे हैं और भाजपा संगठन में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
खुशवंत साहेब का प्रोफाइल
आरंग से विधायक खुशवंत साहेब तीसरे चेहरे हैं, जिन्हें मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। उन्होंने कांग्रेस के कद्दावर मंत्री शिव डहरिया को मात देकर राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी थी। 37 वर्षीय साहेब सतनामी समाज के धर्मगुरु गुरु बलदास गोसाई के बेटे हैं। समाज में उनकी गहरी पकड़ और सक्रियता ने ही उन्हें चुनाव में बढ़त दिलाई। उन्होंने 16,538 वोटों से यह ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इन विधायकों को मंत्री पद देकर भाजपा ने एक तीर से कई निशाने साधे हैं, क्षेत्रीय संतुलन, जातीय समीकरण और नए चेहरों को बढ़ावा।



