दुर्ग। छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर के खुर्सीपार निवासी मलकीत सिंह की हत्या के विरोध में सिख समाज के छत्तीसगढ़ बंद के आहवान पर सोमवार को भिलाई मार्केट बंद है। दुर्ग और भिलाई के दुकानों में सुबह से ही ताला लटका हुआ है। बंद को चेंबर ऑफ कॉमर्स ने भी समर्थन दिया है। शहर में कई जगह मार्केट बंद हैं। पीड़ित परिवार अभी भी थाने के सामने धरने पर बैठा है। जहां लोगों के साथ भाजपा के नेता और पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडे भी धरने पर बैठे हुए हैं। मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी और 50 लाख रुपए मुआवजे की मांग की गई है।
जानिए क्या है पूरा मामला
15-16 सितंबर की दरम्यानी रात आईटीआई मैदान में करीब सात-आठ लोगों ने मलकीत सिंह उर्फ वीरू के साथ मारपीट किए थे। दुर्ग एसपी शलभ सिन्हा ने बताया था कि मृतक मलकीत सिंह ग़दर 2 मूवी देख रहा था इसी दौरान मृतक और आरोपियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपियों ने उसे पीट-पीट कर अधमरा कर दिया. उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित को रायपुर शहर के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिक समेत पांच लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है। उसके बाद से लगातार सिख समाज के लोग मृतक के परिजन और भाजपा के नेता ख़ुर्शीपार थाने के सामने टेंट लगाकर धरना प्रदर्शन पर बैठे हुए हैं।



