महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। पूर्व उप सरपंच के घर को बम से उड़ाने की कोशिश की गई। ब्लास्ट में पूर्व उप सरपंच के घर सहित आसपास के घरों में दरारें पड़ गई। धमाके की आवाज से लोग घर से निकलकर इधर उधर भागने लगे। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। घटना कोमाखान थाना क्षेत्र की है।
टेमरी गांव में पूर्व उप सरपंच राधे लाल साहू का मकान है। शुक्रवार-शनिवार की रात 1 बजे राधे लाल साहू के घर के सामने में एक जोरदार धमाका हुआ। धमाके के दौरान बच्चे महिलाएं और परिवार के अन्य सदस्य सो रहे थे। जोरदार आवाज से सभी उठे और घर के बाहर निकलकर इधर उधर भागने लगे।
सुबह पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच जारी है। पुलिस को धमाके वाली जगह से तार और विस्फोटक पदार्थ के अंश मिले है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी बड़ी घटना को अंजाम देने वाले थे। गनीमत रही कि इस घटना में उप सरपंच के परिवार का हताहत नहीं हुआ। पुलिस मामले को आपसी विवाद से जोड़कर देख रही है। फिलहाल जांच जारी है।