छत्तीसगढ़

CM विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष महंत, डिप्टी सीएम सहित इन विधायकों ने छत्तीसगढ़ी, संस्‍कृत, हिंदी में ली शपथ.. निर्विरोध विधानसभा अध्यक्ष चुने गए डॉ. रमन सिंह..

रायपुर। विधायकों का शपथ ग्रहण विधानसभा सत्र के पहले दिन हो रहा है। सबसे पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संसदीय परंपरा की शपथ ली। उन्होंने छत्तीसगढ़ी भाषा में शपथ ली। वहीं नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भी छत्तीसगढ़ी भाषा मे आसंदी के सामने शपथ ली। उसके बाद डिप्टी सीएम अरूण साव और विजय शर्मा ने शपथ लिया। इन दोनों ने भी छत्तीसगढ़ी भाषा में शपथ ली।

वहीं सदन में सभापति नियुक्त विक्रम उसेंडी, धर्मजीत सिंह, लखेश्वर बघेल और दलेश्वर साहू ने छत्तीसगढ़ी भाषा में शपथ ली। सदन में आज ज्यादातर सदस्यों ने छत्तीसगढ़ी में शपथ ली। विधायकों में भैयालाल राजवाड़े, श्यामबिहारी जायसवाल, भूलन सिंह मराबी, उदेश्वरी पैकरा, प्रबोध मिंज, राजेश अग्रवाल, लक्ष्मी रजवाड़े, शकुन्तला सिंह पोर्ते ने भी शपथ ली। कांग्रेस विधायक लखेश्वर बघेल ने हिंदी में शपथ ली। कांग्रेस विधायक दलेश्वर साहू ने हिंदी में शपथ ली। भाजपा विधायक रेणुका सिंह ने हिंदी में शपथ ली।  रायगढ़ से भाजपा विधायक ओपी चौधरी ने छत्तीसगढ़ी में शपथ ली। खरसिया से कांग्रेस विधायक उमेश पटेल छत्तीसगढ़ी में शपथ ली। लैलूंगा से भाजपा विधायक विद्यावती सिदार ने संस्कृत में शपथ ली।

निर्विरोध विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह चुने गए। छत्तीसगढ़ की छठवीं विधानसभा के लिए पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह को सर्वसम्मति से विधानसभा का अध्यक्ष बनाया गया है। इसके लिए सीएम विष्णुदेव साय, चरणदास महंत, बृजमोहन अग्रवाल, केदार कश्यप और अजय चंद्राकर ने प्रस्ताव रखा. जिसका अरुण साव, भूपेश बघेल, विजय शर्मा, भावना बोहरा और पुन्नुलाल मोहले ने समर्थन किया। सभी नवनिर्वाचित सदस्यों ने हाथ उठाकर सर्वसम्मति से पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह को विधानसभा का अध्यक्ष चुना है।

Back to top button