
पेंड्रा-गौरेला
राज्य की भूपेश सरकार गरीबों, किसानों और आम लोगों की सरकार है। भूपेश सरकार समाज के हर तबके के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। कांग्रेस से जुड़े अधिवक्ताओं को चाहिए कि विधि विभाग के माध्यम से वे भी शासन की गतिविधियों, कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार जनता के बीच करें। अधिवक्ता आम जनता के हितों का रक्षक होता है, ऐसे में जनता की नुमाईंदगी उससे बेहतर और कोई नहीं कर सकता। यह बातें कांग्रेस विधि विभाग के प्रदेश महामंत्री व बिलासपुर संभाग प्रभारी एडवोकेट प्रदीप राजगीर ने कही।
संगठन के विस्तार व नई कार्यकारिणी गठन को लेकर महामंत्री प्रदीप राजगीर का दौरा कार्यक्रम जारी है। इसी कड़ी में बुधवार 1 मई को जिला पेंड्रा-गौरेला-मरवाही में विधि विभाग की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में जुटे अधिवक्ताओं ने राजगीर व अन्य अतिथियों का फूल मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद अधिवक्ताओं ने अपना परिचय दिया। रेस्ट हाउस में बैठक के दौरान महामंत्री राजगीर ने कहा कि भारतीय राजनीति में कांग्रेस सबसे बड़ी और पुरानी पार्टी है। कांग्रेस महासागर है, जिसमें हर वर्ग व समुदाय के लोग शामिल हैं। इसमें एक वर्ग अधिवक्ताओं का भी है, जो स्वतंत्रता आंदोलन से कांग्रेस के साथ हैं। अधिवक्ता व्यावसायिक कारणों के चलते परिवार तक को समय नहीं दे पाता। ऐसी परिस्थितियों में यदि कोई अधिवक्ता कांग्रेस के लिए काम कर रहा है और विचारधारा को आगे बढ़ा रहा तो है, यह उसकी पार्टी के प्रति वफादारी को साबित करता है। उन्होंने कहा कि विधि विभाग के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. देवा देवांगन ऊर्जावान व्यक्तित्व के धनी हैं। इतने कम समय में जिस तरह से उन्होंने विभाग को विस्तार रूप दिया है, यह उनकी कर्मठता को साबित करता है। राजगीर ने कहा कि उम्मीद है कि नई कार्यकारिणी में शामिल होने वाले सभी साथी राज्य की कांग्रेस सरकार की नीतियों को लोगों तक पहुंचाने में अग्रणी भूमिका निभाएंगे। प्रदेश संयुक्त सचिव हरीश लाल ने कहा कि आगामी विधानसभा की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। कार्यकारिणी के गठन के साथ ही सदस्यता के लिए अभियान चलाना होगा। अधिक से अधिक साथियों को संगठन से जोड़ना है, ताकि शासन की रीति-नीति को जन-जन के बीच ले जाया जा सके।
बैठक में अधिवक्ता प्रशांत गुप्ता, महेंद्र शुक्ला, जमील अहमद इराकी, अजय श्रीवास्तव, योगेश भोंसले, मयूरा राठौर, शीतला तिवारी, रविदास पूरी, अधिवक्ता संघ उपाध्यक्ष शिरीष दुबे, आशीष बंसल, रामकुमार राठौर, देवीप्रसाद गुर्जर, भारत सिंह,पंकज नगाइच, नारायण नामदेव, रीतेश गुप्ता व विशेष तौर पर अधिवक्ता शैलेंद्र गोरख, मो इशहाक खान, सुनील साहू, अभय गुप्ता आदि उपस्थित थे।
वरिष्ठ कांग्रेस अधिवक्ताओं से घर जाकर की भेंट
बैठक के बाद राजगीर ने कांग्रेस से जुड़े वरिष्ठ अधिवक्ताओं के बारे में जानकारी ली। वे सबसे पहले वरिष्ठ अधिवक्ता अतुल तिवारी से मिलने उनके घर पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी के विस्तार व अधिवक्ताओं के हितों को लेकर चर्चा की। इसके बाद वरिष्ठ अधिवक्ता अरुण गुप्ता और अधिवक्ता गुलाब अग्रवाल के घर जाकर भेंट की। सभी ने उन्हें स्थानीय स्तर पर पार्टी की गतिविधियों की जानकारी दी व कार्यकारिणी गठन को लेकर सलाह दी।



