रायपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दिनांक 21 जून 2025 को प्रातः 7:00 बजे नागरिक आपूर्ति निगम मुख्यालय नवा रायपुर सहित नागरिक आपूर्ति निगम के समस्त जिला कार्यालयों में योग शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव के आव्हान पर आयोजित होने वाले इस आयोजन में निगम के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी भाग लेंगे। अध्यक्ष श्रीवास्तव स्वयं नागरिक आपूर्ति निगम मुख्यालय में आयोजित योग शिविर में सम्मिलित होंगे। योग शिविर की सभी तैयारियाँ मुख्यालय और जिला स्तर पर पूर्ण कर ली गई हैं।
इस अवसर पर अध्यक्ष श्रीवास्तव ने कहा कि नियमित योग अभ्यास से मानसिक शांति प्राप्त होने के साथ ही बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन और रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है। योग से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि इससे आत्मिक ऊर्जा भी जागृत होती है, जिससे व्यक्ति में इंद्रियों पर नियंत्रण रखने की स्वाभाविक क्षमता विकसित होती है। उन्होंने कहा कि योग दिवस का आयोजन निगम परिवार के स्वास्थ्य, ऊर्जा और सकारात्मक कार्यसंस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।
अनुकम्पा नियुक्ति को मिली स्वीकृति, कर्मचारियों के हित में महंगाई भत्ते में वृद्धि
छत्तीसगढ़ स्टेट सिविल सप्लाईज़ कॉरपोरेशन लिमिटेड (नागरिक आपूर्ति निगम) के नव नियुक्त अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव की अध्यक्षता में निगम मुख्यालय, नवा रायपुर में संचालक मंडल की 95वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में निगम कर्मचारियों के हित में कई निर्णय लिए गए। वर्षों से लंबित अनुकम्पा नियुक्ति के विषय पर संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करते हुए निगम के पांच दिवंगत सेवायुक्तों के आश्रित परिजनों को अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान करने का निर्णय लिया गया। यह निर्णय संबंधित परिवारों के लिए न केवल राहत का माध्यम बनेगा, बल्कि उनके जीवन को स्थायित्व देने वाला भी सिद्ध होगा।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2022-23 के लेखों का अंतिमीकरण कर वित्तीय पत्रकों को अनुमोदित किया गया। साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए नागरिक आपूर्ति निगम के बजट का संचालक मंडल द्वारा अनुमोदन किया गया। बैठक में मार्च 2025 से शासन द्वारा घोषित महंगाई भत्ते में वृद्धि को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इससे निगम के समस्त कर्मचारियों में हर्ष का वातावरण बना और उन्होंने इस निर्णय हेतु अध्यक्ष एवं संचालक मंडल के प्रति आभार व्यक्त किया।