मध्य्प्रदेश

भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या.. आरोपी फरार, तलाश जारी..

इंदौर। भाजपा युवा मोर्चा के नगर उपाध्यक्ष मोनू कल्याणे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसे मध्य प्रदेश सरकार के शहरी विकास और आवास मंत्री मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का करीबी माना जाता था। वारदात शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे एमजी रोड इलाके की है।

पुलिस ने बताया कि चिमनबाग चौराहे पर मोनू पुत्र राजेन्द्र कल्याणे को गोली मारी गई। मोनू रविवार शाम करीब 5 बजे भगवा रैली निकालने वाला था। देर रात तक मोनू अपनी टीम के साथ बैनर-पोस्टर लगा रहा था। इसी दौरान उस पर हमला किया गया। हत्याकांड में पीयूष और अर्जुन का नाम सामने आया है। पुरानी रंजिश में आरोपियों ने मोनू पर एक से ज्यादा फायर किए थे। आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देकर तलाश की जा रही है।

मोनू की हत्या की जानकारी मिलने के बाद पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय और दूसरे भाजपा नेता रात में ही उसके घर पहुंचे। मोनू के समर्थकों ने आरोपियों के घर में घुसकर तोड़फोड़ और आगजनी की।

भगवा यात्रा के बारे में पूछा और मार दी गोली

मोनू कल्याणे हर साल इलाके में भगवा यात्रा निकालता था। शनिवार रात को साथियों के साथ इसी की तैयारी में लगा था। इसी बीच पीयूष और अर्जुन बाइक से वहां पहुंचे। उन्होंने मोनू से पूछा- रैली का समय क्या है? कितने लड़के लेकर आना है? इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठे अर्जुन ने पिस्टल निकाली और मोनू पर दो फायर कर दिए। एक फायर नजदीक खड़े दोस्तों को देखते हुए हवा में किया। गोली लगते ही मोनू नीचे गिर गया। मौके पर मौजूद साथी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

दोनों आरोपी पीयूष और अर्जुन उषा फाटक इलाके के रहने वाले हैं। मोनू भी इनके पड़ोस में ही रहता था। वे भाजपा में मोनू के बढ़ते कद से रंजिश पाले हुए थे। दोनों आरोपियों पर कई थानों में केस दर्ज हैं।

Leave a Reply

Back to top button