बिलासपुर/10 अप्रेल 2026 /कोनी क्षेत्र में बर्ड फ्लू की पुष्टि, सैनिटाइजेशन के बाद सख्त निगरानी जारी की गई है ,जिले के शासकीय कुक्कुट पालन प्रक्षेत्र कोनी में बर्ड फ्लू (H5N1) की पुष्टि होने के बाद प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई। संक्रमित क्षेत्र में सभी आवश्यक नियंत्रण उपाय अपनाते हुए पक्षियों एवं संबंधित सामग्री का नष्टिकरण किया गया और पूरे क्षेत्र को पूरी तरह सैनिटाइज किया गया।

संयुक्त संचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं, बिलासपुर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, केंद्र सरकार की गाइडलाइन के तहत संक्रमित क्षेत्र में Disinfection एवं Sanitization की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, जिसके बाद अब Sanitization प्रमाण-पत्र जारी कर दिया गया है।
इसके साथ ही अब क्षेत्र में Post Operation Surveillance Plan (POSP) लागू किया गया है, जिसके तहत:
हर 15 दिन में सैंपल जांच होगी
1 से 10 किमी क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखी जाएगी
3 महीने तक सतत सर्विलांस जारी रहेगा
आपको बता दें प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि:
संक्रमित क्षेत्र (0-1 किमी) में अभी भी गतिविधियों पर प्रतिबंध रहेगा
10 किमी के दायरे में पक्षियों और उनके उत्पादों के परिवहन पर रोक जारी रहेगी
प्रशासन ने सभी कुक्कुट पालकों से अपील की है कि वे सरकार द्वारा जारी SOP का पालन करें और किसी भी असामान्य मृत्यु की सूचना तुरंत पशु चिकित्सा विभाग को दें।



