बलरामपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में ट्रक और ट्रेलर की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रेलर में आग लग गई। आग की चपेट में आने से ट्रेलर के ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं इस हादसे में ट्रक ड्राइवर गंभीर रूप घायल हो गया।
ट्रक का शीशा तोड़कर ड्राइवर को बाहर निकाला गया। यह घटना त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम मोहली में शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे हुई। ट्रक में चावल, वहीं ट्रेलर में क्लिंकर लोड था।
ट्रक राइस मिल से चावल लोड कर वाड्रफनगर की ओर जा रहा था, जिसे ग्राम विजयनगर के रहने वाला संतोष गुप्ता (44) चला रहा था। 
दीपिका से क्लिंकर लोड कर आ रहा था ट्रेलर
ट्रेलर कोरबा के दीपिका से क्लिंकर लोड कर आ रहा था। सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर के बाद ट्रेलर में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रेलर ड्राइवर अंदर ही फंस गया और बाहर निकल नहीं पाया।
ट्रक का शीशा तोड़कर ड्राइवर निकाला गया
मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने किसी तरह ट्रक का शीशा तोड़कर ड्राइवर संतोष गुप्ता को बाहर निकाला। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस और दमकल टीम को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंची।
मृतक की पहचान अरबाज (28) के रूप में हुई है। वह झारखंड के गढ़वा जिले का रहने वाला था। सूचना के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया। पुलिस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।



