गरियाबंद 1 फरवरी 2026। राजिम से लगे दुधकैयां गांव में देर शाम से दो संप्रदायों के बीच लाठी तलवार से अचानक हिंसक झड़प हो गई, जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। शुरुआती विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और मारपीट, आगजनी व तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं। पुलिस प्रशासन को भारी बल तैनात करना पड़ा है।
घटना की शुरुआत उस वक्त हुई जब एक संप्रदाय से जुड़े कुछ आपराधिक तत्वों ने दूसरे संप्रदाय के लोगों के साथ मारपीट की। इस मारपीट में कई लोगों को चोटें आईं। घटना की सूचना जैसे ही दूसरे गुट के लोगों तक पहुंची, उनमें आक्रोश फैल गया। इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर मारपीट करने वालों के घरों को निशाना बनाना शुरू कर दिया।गुस्साए लोगों ने कई घरों में आग लगा दी और सड़क पर खड़ी गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए गांव में कर्फ्यू जैसे हालात बनाए गए हैं। पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर रही है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।



