बालोद। धमतरी सीमा पर पुलिस ने एक संदिग्ध कार को पकड़ा है। इस कार से नोटों का बंडल बरामद हुआ है। कार में करीब 3 करोड़ रुपए से अधिक की राशि होने की आशंका है। नोटों का बंडल महाराष्ट्र पासिंग की कार MH 04 MA 8035 में रखी थी। कार में नोटो को रखने के लिए सीट के नीचे अलग से लॉकर बनाया गया था।
बालोद पुलिस कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं स्टेट बैंक की टीम नोटों की गिनती करने में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार, नोटों को रायपुर से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। पुलिस ने बताया कि, भारी संख्या में नोटों का बंडल मिला है। वहीं इसका कनेक्शन हवाला से जुड़ने की भी आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ी कार
पुलिस ने बताया कि, मुखबिर ने सूचना दी थी कि, कार से नोटों का बंडल ले जाया जा रहा था। जिसके बाद पुलिस ने मामले में गंभीरता दिखाते हुए टीमों को अलग- अलग जगह पर जांच के लिए लगाई गई थी। इसी क्रम में जांच के दौरान पुलिस की टीम घेराबंदी कर गाड़ी को पकड़ने में सफल रही। पुलिस ने आगे बताया कि, कार में दो लोग सवार थे जिन्हें हिरासत में ले लिया गया है। मामले में गहनता के साथ पूछताछ जारी है।



