बिलासपुर। गोलीबारी का मामला सामने आया है। जहां मंगलवार की शाम दो नकाबपोश बदमाश आये और गोली चलाकर मौके से फरार हो गए। इस गोलीबारी में दो लोग गोली लगने से घायल हो गए हैं। यह पूरा मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र का है।
गोली लगने से ऑफिस के सामने बैठे चंद्रकांत सिंह और राजू सिंह घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर खून फैल गया और गोली चलने के बाद खाली खोखे भी गिरे। घायलों को तत्काल बिलासपुर के अपोलो अस्पताल लाया गया।
पुलिस ने बनाई छह टीमें, सभी एंगल पर जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही बिलासपुर एसएसपी और मस्तूरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्र को सील कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया है। पुलिस ने जांच के लिए छह विशेष टीमों का गठन किया है जो अलग-अलग कोणों से मामले की पड़ताल कर रही हैं।पुलिस ने अब तक दर्जनभर से अधिक संदेहियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस राजनीतिक रंजिश, जमीन विवाद, और व्यक्तिगत दुश्मनी समेत सभी संभावित एंगल से जांच कर रही है।
एसएसपी बोले — जल्द होगा मुख्य आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर एसएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी जल्द ही कर ली जाएगी।
घटना से क्षेत्र में दहशत, सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई
इस गोलीकांड के बाद मस्तूरी और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने एहतियातन क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है और सभी प्रमुख स्थलों पर गश्त तेज कर दी गई है। कांग्रेस नेता नीतेश सिंह के समर्थक और स्थानीय लोग इस घटना से बेहद आक्रोशित हैं और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।



