सक्ती। आरकेएम पॉवर प्लांट में मंगलवार शाम को काम हुई ऊंचाई से लिफ्ट गिरने से 4 मजदूरों की मौत हो गई है, वहीं गंभीर रूप से घायल 6 मजदूरों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस बड़ी लापरवाही पर पुलिस ने प्लांट के मालिक सहित प्रबंधन से जुड़े 8 अधिकारियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 106 (1), 289 एवं 3 (5) के तहत अपराध दर्ज किया है। आरकेएम पॉवर प्लांट के बॉयलर की मरम्मत कार्य के दौरान मजदूरों से भरी लिफ्ट टूटकर गिर गई थी। मामले में मजदूरों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले लापरवाह प्लांट प्रबंधन के खिलाफ पुलिस ने अपराधिक मामला दर्ज किया है।
वहीं कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने इसे बड़ी लापरवाही मानते हुए मजिस्ट्रियल जांच के लिए टीम गठित की है, जिसमें डभरा एसडीएम 30 दिवस के अंदर पूरे घटना की जांच कर इसके पीछे की असल वजह और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा करेंगे।
जांच के बिंदु
- घटना कब और कैसे घटित हुई?
- घटना दिनांक को घटना स्थल पर कौन-कौन मजदूर कार्यरत थे एवं घटना में किन-किन मजदूरों की मृत्यु हुई तथा कौन-कौन मजदूर घायल हुये ?
- उन परिस्थितियों के कारण जिनके फलस्वरूप घटना घटित हुई थी?
- सहायक संचालक, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा जिला- जांजगीर चांपा / सक्ती द्वारा मेसर्स आर.के.एम. पावजेन प्राईवेट लिमिटेड, ग्राम उच्चपिंडा, पोस्ट घुरकोट, तहसील डभरा जिला सक्ती (छ०ग०) में उत्पादन प्रारंभ होने से लेकर घटना दिनांक तक कब-कब निरीक्षण किया गया है?
- क्या निरीक्षण में कोई खामियां पायी गई है, यदि हां तो क्या कार्यवाही की गई?
- उक्त घटना घटित होने का कारण तकनीकी या मानवीय क्या कारण है?
- भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटना न हो, इस हेतु रोकथाम के उपाय एवं सुझाव।
- अन्य कोई बिन्दु जिन पर जांच अधिकारी अभिमत देना उचित समझें।
- आरकेएम पावर प्लांट हादसा : प्लांट मालिकों व डायरेक्टर सहित आठ पर अपराध दर्ज



