रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित बिरनपुर कांड में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है। इस चार्जशीट का सभी राजनीतिक दल और समाजिक वर्ग बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। खास बात यह है कि CBI की चार्जशीट में अब तक विभिन्न पक्षों द्वारा लगाए गए राजनीतिक साज़िश या किसी विशेष व्यक्ति की संलिप्तता के दावे का उल्लेख नहीं किया गया है।
सीबीआई ने अपनी चार्जशीट में खुलासा करते हुए यह स्पष्ट किया है कि बिरनपुर कांड राजनीतिक हत्याकांड नहीं था। इसमें किसी भी तरह की कोई राजनीतिक साजिश सामने नहीं आई है। चार्जशीट में सीबीआई ने कहीं भी अंजोर यदु के नाम की भूमिका को उल्लेखित नहीं किया। जबकि विधायक ईश्वर साहू आरोप लगाते रहे हैं कि अंजोर यदु की भूमिका हत्याकांड के पीछे किसी न किसी रूप में रही है। 8 अप्रैल 2023 के दिन दो गुटों में हुए झगड़े के बीच भुनेश्वर साहू की हत्या कर दी गई थी। मामले ने तूल पकड़ा। विवाद को धार्मिक रंग देने के प्रयास भी हुए। कथित तौर पर झगड़ा बच्चों की मारपीट से शुरू हुआ। बवाल इतना हुआ कि गांव में कुछ घर जला दिए गए।
इसके 2 दिन के बाद गांव के ही रहीम (55) और उसके पुत्र ईदुल मोहम्मद (35) की हत्या कर दी गई थी। इस दौरान क्षेत्र में धारा 144 लगा दी गई थी। गांव में तो 2 सप्ताह तक कर्फ्यू लगा रहा। भुनेश्वर की हत्या मामले में भी 12 लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। लेकिन जब घटना ने बड़ा राजनीतिक रूप लिया और धार्मिक रंग देने के प्रयास हुए, तो जांच CBI को सौंप दी गई। अब CBI ने अपनी चार्जशीट पेश कर दी है, जिसमें किसी भी राजनीतिक साज़िश या बाहरी हस्तक्षेप का उल्लेख नहीं है।



