रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने वरिष्ठ IAS अधिकारी विकासशील को नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। वे प्रदेश के 13वें मुख्य सचिव होंगे। शासन ने नियुक्ति आदेश जारी कर दिया है। 
वर्तमान मुख्य सचिव अमिताभ जैन 30 सितंबर को रिटायर हो रहे हैं। उसी दिन शाम को वे विकास शील को औपचारिक रूप से पदभार सौंपेंगे। परंपरा के अनुसार, जिस दिन नया मुख्य सचिव पदभार ग्रहण करता है, उस दिन कोई बड़ी मीटिंग नहीं होती। सिर्फ मुख्यमंत्री से मुलाकात होती है। इसके बाद अगले दिन मंत्रालय में अफसरों की परिचयात्मक बैठक आयोजित की जाएगी।
विकास शील केंद्र सरकार के तहत एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB), मनीला में कार्यकारी निदेशक (Executive Director) के पद पर पदस्थ थे।
कैरियर और अनुभव
विकास शील 1994 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। अपने सेवाकाल में उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। वित्त, उद्योग, ऊर्जा और शहरी विकास जैसे विभागों में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनकी नियुक्ति ने भी उन्हें वैश्विक दृष्टिकोण और अनुभव प्रदान किया है, जो छत्तीसगढ़ के लिए लाभकारी साबित हो सकता है।
राज्य प्रशासन में नई ऊर्जा की उम्मीद
विकास शील की नियुक्ति को राज्य प्रशासन में नई ऊर्जा और दिशा देने वाला कदम माना जा रहा है। उनकी कार्यशैली और निर्णय क्षमता को देखते हुए अफसरशाही में भी उत्साह का माहौल है।



