छत्तीसगढ़

GST बचत उत्सव का जायजा लेने बाजार पहुंचे CM साय, आर्थिक गतिविधियों में आएगी तेजी..

रायपुर। जीएसटी दरों में कटौती लागू होने के बाद प्रदेशभर में भारतीय जनता पार्टी ने इसे बड़े अभियान के रूप में लिया है। जरूरत की 90 प्रतिशत से ज्यादा चीजें सस्ती होने से बाजारों में उत्साह का माहौल है। इसी कड़ी में मंगलवार (23 सितंबर) को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय खुद रायपुर के एमजी रोड पहुंचे। शारदा चौक से गुरुनानक चौक तक उन्होंने दुकानदारों से मुलाकात की और कारोबार की स्थिति का जायजा लिया।

ग्राहकों ने जताई खुशी, बताई बचत की बात

मुख्यमंत्री से बातचीत में लीला श्रीराम इलेक्ट्रॉनिक्स में खरीददारी करने आई समता कॉलोनी निवासी ऋचा ठाकुर ने कहा कि, जीएसटी में कटौती से उनकी बड़ी चिंता दूर हुई है। उन्होंने बताया कि उन्हें अपने हॉस्टल के लिए 5 एसी खरीदने थे। पहले 35,000 रुपये प्रति एसी की कीमत वाले उत्पाद अब कटौती और डिस्काउंट के बाद 30,000 रुपये में मिले, जिससे एक बार में ही 25,000 रुपये की बचत हुई। ऋचा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इस निर्णय के लिए धन्यवाद दिया।

स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देनी की अपील

मुख्यमंत्री साय ने अंत में कहा कि जीएसटी 2.0 से व्यापार जगत को भी बड़ा लाभ होगा। यह सुधार उद्योग, व्यापार, निवेश और रोजगार सभी क्षेत्रों पर सकारात्मक प्रभाव डालेगा। मुख्यमंत्री ने उद्यमियों और व्यापारियों से आग्रह किया कि, वे स्थानीय उत्पादन को बढ़ावा दें और उपभोक्ताओं से भी आह्वान किया कि वे गर्व से कहें – ‘मैं स्वदेशी खरीदता हूँ और स्वदेशी बेचता हूँ। उन्होंने इसे भारत के आर्थिक भविष्य को नई ऊँचाइयों तक ले जाने वाला मंत्र बताया।

सीएम के साथ ये भी रहे मौजूद

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, विधायक सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, मोती लाल साहू, नान के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, प्रवक्ता अमित चिमनानी, रमेश ठाकुर, नंदन जैन सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न व्यापारी संगठन एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Back to top button