छत्तीसगढ़

GST 2.0 लागू: आज से गाड़ियां हुई सस्ती, इन खर्चों पर मिलेगी बड़ी राहत, जानें कितनी होगी बचत‍?..

नई दिल्ली। सरकार ने देश में जीएसटी रिफॉर्म्स लागू कर दिए हैं और आज 22 सितंबर से तमाम सामानों और सुविधाओं पर लोगों को बड़ी राहत मिली है। जहां दूध, घी, तेल से लेकर TV-AC और कार-बाइक तक सस्ती हो गई हैं, तो वहीं लाइफ और हेल्थ इंश्योरेंस पर लगने वाला जीएसटी जीरो हो गया है। ये अब टैक्स फ्री हो गया है, जिसका असर पॉलिसी होल्डर्स को प्रीमियम भुगतान पर देखने को मिलेगा और उन्हें कम पैसा देना होगा।

18% लगता था टैक्स, अब हुआ ‘जीरो’नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी रिफॉर्म के तहत जरूरी सामानों और सेवाओं पर नए सिरे से जीएसटी रेट्स लागू किए गए हैं। पहले लागू 12% और 28% के स्लैब को खत्म किया गया है, तो इनमें शामिल चीजों को 5% और 18% के स्लैब में डाल दिया गया है। बात अगर इंश्योरेंस पर लागू जीएसटी की करें, तो अब इसे शून्य कर दिया गया है। सरकार ने लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए पॉलिसीहोल्डर्स को ये बड़ा तोहफा दिया है। अब तक लाइफ-हेल्थ इंश्योरेंस के प्रीमियम पर 18 फीसदी की दर से ही जीएसटी लागू था। देश में जब 1 जुलाई 2017 को तमाम टैक्सों को खत्म करते हुए सरकार ने जीएसटी लागू किया था, उसके बाद से इंश्योरेंस प्रीमियम पर लगने वाले टैक्स में ये पहली और फुल कटौती है। ये बदलाव सभी पर्सनल यूलिप प्लान, फैमिली फ्लोटर प्लान, सीनियर सिटीजंस प्लान समेत टर्म प्लान पर भी लागू हो गया है।

मेडिकल खर्च पर राहत

अब ग्लूकोमीटर, डायग्नोस्टिक किट और ज़्यादातर दवाओं पर जीएसटी 12% या 18% से घटाकर सिर्फ 5% कर दिया गया है। सरकार ने मेडिकल स्टोर्स को निर्देश दिए हैं कि नई दरों के हिसाब से दवाएं बेचें। इससे लोगों का इलाज और टेस्ट सस्ते हो जाएंगे।

घर बनाने वालों को फायदा

बिल्डिंग मटीरियल पर भी जीएसटी दरें कम हुई हैं। सीमेंट पर टैक्स 28% से घटाकर 18% कर दिया गया है। इससे घर बनाने की लागत घटेगी और बिल्डर्स व होमबायर्स दोनों को राहत मिलेगी।इलेक्ट्रॉनिक्स होंगे सस्तेअब टीवी, एसी, फ्रिज और वॉशिंग मशीन जैसे इलेक्ट्रॉनिक सामानों को 28% से घटाकर 18% के स्लैब में रखा गया है। कंपनियों ने एमआरपी घटाने का ऐलान कर दिया है। इसका सीधा असर मिडिल क्लास फैमिलीज़ पर पड़ेगा क्योंकि त्योहारी सीजन में इनकी डिमांड सबसे ज्यादा होती है।

गाड़ियों की कीमत में कमी

छोटी गाड़ियों पर अब सिर्फ 18% जीएसटी लगेगा। हालांकि, 1200cc से ऊपर और 4 मीटर से ज्यादा लंबाई वाली एसयूवी और एमपीवी पर कुल टैक्स करीब 40% होगा। पहले इन पर 28% टैक्स और 22% सेस दोनों लगते थे। इस बदलाव से बड़ी गाड़ियों की कीमतों में भी कमी आएगी और ऑटोमोबाइल सेक्टर को बढ़ावा मिलेगा।

कंपनियों के लिए वरदान बना GST 2.0

अभी तक ऑटो कंपनियों पर बिक्री गिरने और स्टॉक फंसने का दबाव था। GST 2.0 की टैक्स छूट से उन्हें नई ऊर्जा मिली है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यह रिफॉर्म ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री के लिए “ऑक्सीजन” साबित होगा और त्योहारी सीजन में बिक्री में भारी उछाल आ सकता है।

अर्थव्यवस्था पर GST का असर

GST 2.0 देश की कर प्रणाली में एक बड़ा बदलाव है, जिसका सीधा फायदा आम जनता को मिल रहा है। जहां एक ओर गाड़‍ियों और दोपहिया वाहनों की कीमतों में राहत मिली है, वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर को फिलहाल राहत नहीं दी गई है। आने वाले दिनों में इस रिफॉर्म का असर मार्केट और अर्थव्यवस्था पर गहराई से दिखेगा।

Leave a Reply

Back to top button