रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने उच्च शिक्षा संस्थानों में खाली पड़े पदों को भरने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। वित्त विभाग ने इसके लिए प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इन 700 में 625 पद सहायक प्राध्यापक के हैं। 25 क्रीड़ा अधिकारी और 50 भर्तियां ग्रंथपाल के पदों पर होगी। राज्य सरकार ने कहा है कि इन नियुक्तियों से महाविद्यालयों में पढ़ाई और शोध की गुणवत्ता बढ़ेगी। इसके साथ ही स्टूडेंट्स को बेहतर मार्गदर्शन मिलेगा। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप शिक्षकों के 5000 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया भी जारी है।
युवाओं को मिलेगा अवसर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह फैसला प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उच्च शिक्षा संस्थानों की गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। 700 पदों पर भर्ती से विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन और प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार होगा।
वित्त मंत्री बोले – शिक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है
वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शिक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। 700 पदों पर भर्ती की स्वीकृति युवाओं को रोजगार देने और भविष्य की पीढ़ी को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा निर्णय है।



