सुकमा। जिले के चिंतागुफा थाना क्षेत्र में पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। ये नक्सली सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से इलाके में आईईडी (टिफिन बम) प्लांट करने की तैयारी कर रहे थे। इनके पास से टिफिन बम, डेटोनेटर, जिलेटिन रॉड, वायर सहित विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। पकड़े गए सभी नक्सली प्रतिबंधित माओवादी संगठन बुर्कलंका मिलिशिया के सदस्य हैं।
जिले के चिंतागुफा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पेंटापाड़ गांव में एंटी नक्सल ऑपरेशन के तहत पुलिस और 50 वीं बटालियन सीआरपीएफ की टीम रविवार को निकली थी गश्त और सर्चिंग ऑपरेशन पर थे। इस दौरान उन्हें ग्राम पेंटापाड़ पगडंडी मार्ग के पास बड़ी कामयाबी हाथ लगी और तीन नक्सली को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए नक्सली प्रतिबंधित माओवादी संगठन के सदस्य
तीनो नक्सलियों की पहचान ग्राम बुर्कलंका के तीन युवकोंपोड़ियाम जोगा (25), माड़वी मासा (25) और पोज्जा माड़वी (29) के रूप में हुई है। गिरफ्तार नक्सली नक्सली संगठन में मिलिशिया सदस्य हैं. ये किसी बड़े आईईडी ब्लास्ट की घटना को अंजाम देने वाले थे। इनके पास से तीन किलोग्राम का एक टिफिन बम, पांच इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, पांच मीटर कोर्डेक्स वायर, पांच जिलेटिन रॉड और अन्य सामान बरामद किया है.इनके खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। सोमवार को इन्हे स्थानीय कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।



