छत्तीसगढ़

NHM कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी, मानव श्रृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन जताया..

बिलासपुर। NHM कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल 11वें दिन भी जारी है। बिलासपुर में कर्मचारियों ने कोन्हेर उद्यान के चारों ओर मानव श्रृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन किया। संघ ने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के शासकीय आवास का भी घेराव किया जाएगा। नियमितीकरण तक हड़ताल जारी रखने की घोषणा की गई है।

संघ के कार्यकारी प्रांताध्यक्ष श्याम मोहन दुबे ने बताया कि 29 अगस्त को उप मुख्यमंत्री अरूण साव के नेहरू चौक स्थित शासकीय आवास का घेराव किया जाएगा। इस दौरान एलईडी स्क्रीन पर उनके पुराने भाषण दिखाए जाएंगे। कांग्रेस शासनकाल में विपक्ष में रहते हुए इन नेताओं ने रायपुर के तूता मैदान में संविदा स्वास्थ्य कर्मियों की मांगें पूरी करने का वादा किया था।

कर्मचारियों की ये हैं प्रमुख मांगें

छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ का कहना है कि अनुभवी संविदा कर्मियों का सेवाकाल एवं कार्य की गुणवत्ता को ध्यान रख अन्य राज्यों की तर्ज पर संविलियन करें। एक अलग पब्लिक हेल्थ विभाग का गठन कर क्लीनिकल तथा मैनेजमेंट कैडर के एनएचएम कर्मचारियों को समायोजित करें। साथ ही पद योग्यता एवं कार्य अनुभव के अनुसार समान कार्य के लिए समान वेतन की नीति लागू कर ग्रेड पे निर्धारित करें।

इसके अलावा कार्य मूल्यांकन व्यवस्था में पारदर्शिता लाने सहित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। कर्मचारियों ने कहा कि हम वर्षों से स्वास्थ्य  सेवाओं में अपना योगदान दे रहे हैं, लेकिन हमें न तो नौकरी की सुरक्षा मिली और न ही उचित वेतन हमारा काम स्थाई कर्मचारी जैसा है। बावजूद हमें कम वेतन और कोई सामाजिक सुरक्षा नहीं दी जाती है। वहीं दूसरी ओर हड़ताल के कारण कई स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य व्यवस्थाएं ठप पड़ी है। ग्रामीण अंचल के स्वास्थ्य केंद्रों में ताला लटकने लगे हैं।

 

Leave a Reply

Back to top button