रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 21 अगस्त से 10 दिनों के विदेश दौरे पर रवाना होंगे। यह उनकी पहली विदेश यात्रा होगी। इस यात्रा में सीएम साय जापान और दक्षिण कोरिया जाएंगे।
सीएम सचिवालय के अधिकारियों के अनुसार, इस दौरे का उद्देश्य राज्य में निवेश बढ़ाना, औद्योगिक विकास को गति देना और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में नए अवसर तलाशना है। सीएम के साथ मुख्य सचिव अमिताभ जैन, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह और उद्योग सचिव रजत कुमार भी शामिल रहेंगे।
21 अगस्त को सुबह जाएंगे दिल्ली
सचिवालय से मिली जानकारी के अनुसार, सीएम साय 21 अगस्त की सुबह दिल्ली पहुंचेंगे। वहां वे एक या दो बैठकों में शामिल होंगे और शाम को जापान के लिए उड़ान भरेंगे। जापान में उनका कार्यक्रम काफी व्यस्त रहेगा, जहां वे स्थानीय उद्योगपतियों, निवेशकों और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट से जुड़े उद्यमियों से मुलाकात करेंगे।
तकनीकी सहयोग और औद्योगिक विकास पर होगा फोकस
इन बैठकों में निवेश आकर्षित करने, तकनीकी सहयोग और औद्योगिक विकास के नए मॉडल पर चर्चा की जाएगी। सरकार का विशेष रूप से इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, खाद्य प्रसंस्करण और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों पर फोकस होगा।
जापान दौरे के बाद मुख्यमंत्री साय और उनका दल दक्षिण कोरिया पहुंचेंगे, जहां वे औद्योगिक साझेदारी, तकनीकी हस्तांतरण और लॉजिस्टिक्स सुधार से जुड़ी अहम बैठकों में हिस्सा लेंगे। दक्षिण कोरिया के साथ सहयोग से राज्य में स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग और बेहतर अधोसंरचना विकास के नए अवसर खुलेंगे।
प्रदेश में चल रही योजनाओं-सुविधा की देंगे जानकारी
इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री विदेशी निवेशकों को छत्तीसगढ़ के अनुकूल निवेश माहौल, उद्योग नीति और विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे। राज्य सरकार का मानना है कि इस दौरे से निवेश समझौतों की संभावनाएं मजबूत होंगी, जिससे आने वाले वर्षों में बड़े प्रोजेक्ट शुरू हो सकते हैं।



