धमतरी। जिले से एक हैरान करने वाली खबर निकलकर सामने आ रही है। यहां एक साथ तीन लोगों की हत्या कर दी गई है। इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से भागे प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को पूरी वारदात की जानकारी दी।
मामला न्यू अन्नपूर्णा ढाबा एवं फैमिली रेस्टोरेंट के पास का है, जहां पहले से ही कुछ लोगों के बीच विवाद चल रहा था। इस दौरान रायपुर से आए तीन युवक भी विवाद में शामिल हो गए। देखते ही देखते माहौल इतना बिगड़ गया कि हमलावरों ने रायपुर के तीनों युवकों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक भागकर जान बचाने में सफल रहे।
8 आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। वारदात में इस्तेमाल चाकू और अन्य हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं। हत्या की असली वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



