कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में बड़ा एक्शन हुआ है। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुये सहायक जेल अधीक्षक विज्जयानंद और दो प्रहरी को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई कोरबा जेल की दीवार फांदकर चार कैदी के फरार होने के मामले में की गई है। फरार कैदियों की अभी तक के गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
2 अगस्त शनिवार को जिला जेल कोरबा से 4 कैदी दीवार फांद कर फरार हो गये थे। फरार होने वाले निरूद्व बंदियों को पुलिस ने पाक्सो और दुष्कर्म के जुर्म में गिरफ्तार कर जेल दाखिल किया था। इनमें तीन आरोपी कोरबा और एक आरोपी रायगढ़ जिले का निवासी था। जेल ब्रेक की इस घटना की जानकारी के बाद जेल प्रबंधन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया था। पुलिस अधिकारियों द्वारा फरार कैदियों की फोटो जारी कर उनकी धरपकड़ के लिए जिले में नाकेबंदी की गयी।
वहीं दूसरी तरफ एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने फरार कैदियों पर 10 हजार रूपये इनाम की घोषणा की गयी। लेकिन पुलिस की लगातार छापामार कार्रवाई और पतासाजी के 72 घंटे बाद भी कोई खास सफलता नही मिल सकी है। कोरबा में जिला जेल ब्रेक की जानकारी के बाद शनिवार रात ही जेल डीजी हिमांशु गुप्ता कोरबा पहुंचे थे। उन्होने जिला जेल का निरीक्षण कर इस घटना की जानकारी ली। इस पूरे घटनाक्रम में सुरक्षा को लेकर हुए गंभीर चूक पर अब एक्शन लिया गया है। बताया जा रहा है कि जेल ब्रेक की घटना में लापरवाही बरतने वाले 3 जेल प्रहरियों सहित सहायक जेल अधीक्षक विजयानंद सिंह को निलंबित कर दिया गया है।



