दंतेवाड़ा। नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा-बीजापुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षाबल के जवान और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। बताया जा रहा है कि जवानों ने जवाबी कार्रवाई में एक महिला नक्सली को मार गिराया है। मौके से जवानों ने महिला नक्सली का शव बरामद कर हथियार भी जब्त किये है। मारी गयी नक्सली की पहचान रेणुका उर्फ बानु के रूप में की गयी है, जो कि 25 लाख रूपये की इनामी नक्सली थी। अभी भी दोनों तरफ से रूक-रूक कर फायरिंग हो रही है।आपको बता दे दो दिन पहले ही सुकमा में जवानों ने 17 नक्सलियों को मार गिराया था।
जानकारी के मुताबिक सोमवार की सुबह नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षाबलों की टीम सर्चिंग पर निकली थी। सुबह करीब 9 बजे के लगभग जंगल में जवानों का सामना नक्सलियों से हो गया। जवानों को देखते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद जवानों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब देते हुए एक महिला नक्सली को ढेर कर दिया। मारी गयी नक्सली की पहचान रेणुका उर्फ बानु के रूप में की गयी है, जो कि 25 लाख रूपये की इनामी नक्सली थी। महिला नक्सली के मारे जाने के बाद जवानों ने मौके से एक इंसास राइफल, गोला-बारूद और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभी भी मौके पर मुठभेड़ जारी है। दोनों तरफ से रूक-रूक कर फायरिंग की जा रही है।
सुकमा में दो दिन पहले जवानों ने 17 नक्सली मारे
बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ जवानों की निर्णायक लड़ाई जारी है। आपको बता दे सुकमा और दंतेवाड़ा जिले की सरहद पर शनिवार सुबह ही पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। DRG और CRPF के 500 से अधिक जवानों ने माओवादियों को घेर कर उनपर हमला बोला था। इस मुठभेड़ में 17 नक्सलियों को जवानों ने मार गिराया था। मारे गये नक्सलियों में 11 महिला नक्सली थी।



