रायपुर। छत्तीसगढ़ के लोग जम्मू के वैष्णो देवी मंदिर के दर्शन कर बस से वापस लौट रहे थे, लेकिन रास्ते पर यूपी के फिरोजाबाद में हादसे का शिकार हो गए। शनिवार तड़के साढ़े तीन बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर श्रद्धालुओं से भरी बस पलट गई। हादसे में मासूम बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं 40 लोग घायल हो गए हैं।
ये हादसा उत्तर प्रदेश के जिला फिरोजाबाद, नसीरपुर थाना क्षेत्र के माइलस्टोन 51 पर हुई। 28 मई को श्रद्धालुओं से भरी बस छत्तीसगढ़ से जम्मू स्थित मां वैष्णों देवी के दर्शन के लिए गई थी। बस में सभी 65 लोग छत्तीसगढ़ के रहने वाले सवार थे। श्रद्धालु मां वैष्णों देवी के दर्शन करके वृंदावन पहुंचे थे। यहां से बीती रात करीब 1 बजे प्रयागराज होते हुए छत्तीसगढ़ जाने के लिए निकले। इस बीच शनिवार सुबह करीब 3.30 बजे बस ड्राइवर को झपकी आ गयी। जिससे बस अनियंत्रित हो गयी और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे नीच गिर गयी। घटना की सूचना मिलते ही एक्सप्रेस वे पर मौजूद कर्मचारी व नसीरपुर इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को संयुक्त चिकित्सालय व फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। घायलों में 7 साल और 14 साल की दो बालिकाएं भी शामिल हैं, जिनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। इसमें कई व्यक्तियों की हालत गंभीर है। उन्हें सैफई के लिए रेफर कर दिया गया है, बाकी घायलों का अभी इलाज किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में बड़ा हादसा हो गया। छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं से भरी बस पलट गई। हादसे में बच्चे समेत तीन की मौत हो गयी। वहीँ 40 लोगों के घायल होने कि खबर है। इस हादसे पर विष्णुदेव साय ने दुःख जताया है और डॉक्टरों से बात कर उचित देखभाल के निर्देश दिए गए हैं।
सीएम विष्णुदेव ने ‘X’ पर लिखा, ‘छत्तीसगढ़ से धार्मिक यात्रा पर गए श्रद्धालुओं से भरी बस के उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर पलटने की दुःखद खबर आ रही है। बस में सवार 65 श्रद्धालु में से तीन के निधन और 40 लोगों के घायल होने की खबर है, घायलों के जिला संयुक्त चिकित्सालय शिकोहाबाद और फिरोजाबाद मेडिकल कालेज में इलाज की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन से बात कर डॉक्टरों को उचित देखभाल के निर्देश दिए गए हैं। उच्चाधिकारियों को इस बाबत आवश्यक निर्देश दिए गए है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।’



