रायपुर। “मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना के तहत माता-पिता की मृत्यु के बाद दो बच्चों को सरकार 4000-4000 रुपये प्रतिमाह देगी” मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पंडरिया विधायक भावना बोहरा की तस्वीर के साथ वायरल हो रही योजना का पंपलेट फेक है। राज्य सरकार की तरफ से बताया गया है कि ना तो ऐसी कोई योजना संचालित हैं और ना ही ऐसी योजना का कोई प्रस्ताव लंबित है।
पिछले कुछ दिनों मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना के नाम पर एक फर्जी योजना की जानकारी सोशल मीडिया में वायरल हो रही थी। जिस तरह से इस योजना का जिक्र किया गया था और मुख्यमंत्री और भाजपा विधायक भावना बोहरा की जिस तरह से तस्वीरें उस पोस्टर में लगी थी, उससे कई लोगों ने उस पर यकीन कर तहकीकात भी शुरू कर दी थी।
मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना के नाम से वायरल किये जा रहे पंपलेट में दावा किया जा रहा था कि ऐसे बच्चे जिनके मां-पिता दोनों या दोनों में से कोई एक की अगर मृत्यु 1 मार्च 2020 के बाद हो गयी है और बच्चे की उम्र अगर 18 साल से कम है तो ऐसे परिवार के दो बच्चों को हर महीने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत 4000-4000 रुपये प्रतिमाह दिया जायेगा। फार्म भरकर जिला बाल संरक्षण ईकाई या जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय में जमा करने को कहा गया था।



