छत्तीसगढ़

CG में सोलर लाइट लगाने के नाम पर 14 लाख का फर्जीवाड़ा.. FIR दर्ज,CEO गिरफ्तार, कांट्रेक्टर और इंजीनियर की तलाश जारी..

कांकेर । छत्तीसगढ़ में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने के नाम पर 14 लाख रुपए का फर्जीवाड़ा करने के मामले में तत्कालीन जनपद पंचायत सीईओ पीआर साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में शामिल आरोपी ठेकेदार और बिजली विभाग के इंजीनियर की तलाश जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिला खनिज न्यास निधि से वर्ष 2021-22 में जनपद पंचायत अंतागढ़ के बोदानार गांव में 30 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने 14 लाख 40 हजार रुपये की राशि स्वीकृत हुई थी, लेकिन गांव में स्ट्रीट लाइट लगाने का काम हुआ ही नहीं और तत्कालीन जनपद पंचायत सीईओ पीआर साहू ने तत्कालीन उप अभियंता विद्युत ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के साथ मिलकर कार्य का ठेका लेने वाली फर्म प्रोपराइटर मेसर्स आर. बी. डीलर्स एण्ड कन्स्ट्रक्शन केशकाल को पूरी रकम का भुगतान भी कर दिया।

मामला जब उजागर हुआ, तो कलेक्टर प्रियंका शुक्ला ने जांच टीम गठित की, जिसके द्वारा जांच में शिकायत को सही पाया गया। इसके बाद स्थानीय प्रशासन ने ताड़ोकी थाने में मामले की शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की थी। तत्कालीन जनपद पंचायत सीईओ पीआर साहू जो वर्तमान में बीजापुर जिले में पदस्थ हैं, उन्हें पुलिस ने बीजापुर से गिरफ्तार किया है, साथ ही फर्म के मालिक व ठेकेदार और इंजीनियर की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Back to top button