
रायपुर
शिक्षा विभाग में नौकरी लगाने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल को भी जब्त किया है. मामले की शिकायत के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था. स्वयं को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ होने का झांसा देकर शिक्षा विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर 11 लाख 50 हजार रुपए की धोखाधड़ी की गई थी.
जानकारी के अनुसार, 19 सितंबर 22 को प्रार्थी 45 वर्षीय सुरेंद्र हरपाल पिता रनमल हरपाल निवासी मधुपिल्ले चैक, शांति नगर रायपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि विपिन अग्रवाल स्वयं को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ होना तथा उसकी जान पहचान विभिन्न सरकारी विभागों में होना बताया था. उसने शिक्षा विभाग में सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर छलपूर्वक अलग-अलग किश्तों में कुल 11 लाख 50 हजार रुपए लेकर धोखाधड़ी की है. प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिविल लाइन, रायपुर में अपराध दर्ज किया गया. प्रकरण के आरोपी विपिन अग्रवाल रिपोर्ट से लगातार फरार चल रहा था, जिसकी तलाश की जा रही थी.
सायबर सेल से प्राप्त जानकारी एवं मुखबीर से प्राप्त सूचना के आधार पर आरोपी विपिन अग्रवाल का लोकेशन गोवा में होने पर पुलिस ने आरोपी विपिन अग्रवाल पिता स्व. अशोक कुमार अग्रवाल निवासी ग्राम बगीचा जिला जशपुर को गोवा से गिरफ्तार किया गया.



