छत्तीसगढ़

CG: तालाब में मिली लापता युवक की लाश.. हत्या की आशंका..

बिलासपुर

तालाब में एक युवक की लाश मिली है। युवक रविवार की शाम किसी के फोन आने के बाद वह घूमने के नाम पर घर से निकला था। कमाल अख्तर घर से निकलने के बाद देर रात तक नहीं लौटा। इससे परेशान परिजनों ने उसके मोबाइल पर कॉल किया। लेकिन, उसका फोन रिसीव नहीं हुआ। इससे परिजनों की चिंता बढ़ गई और उसकी तलाश करते रहे। पूरी रात परिजन उसकी पतासाजी करते रहे। सोमवार की सुबह सकरी क्षेत्र के घुरू अमेरी के तालाब में उसकी लाश मिलने की खबर आई। तब परिजन वहां पहुंच गए। शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। सिरगिट्‌टी थाना क्षेत्र के तिफरा स्थित यदुनंदन नगर निवासी कमाल अख्तर (25 साल) कपड़ा दुकान में काम करता था। मामला सकरी थाना क्षेत्र का है।

भाई की डेढ़ साल पहले हुई थी हत्या

कमाल अख्तर के पिता शमजूद जमा CSEB के रिटायर्ड कर्मचारी हैं। उनकी दो पत्नी है। पहली पत्नी के चार बेटे और चार बेटियां हैं, जिनमें से एक बेटे की डेढ़ साल पहले जांजगीर-चांपा के डभरा में हत्या हो गई थी। वहीं, दूसरी पत्नी की तरफ से चार बेटे हैं, जिनमें एक बेटा सउदी अरब और दूसरा बिहार में रहता है। कमाल अख्तर घर में रह कर कपड़ा दुकान में काम करता था।

पुलिस का कहना है कि युवक के शव को देखकर लग रहा है कि उसने आत्महत्या की होगी। घटनास्थल के पास ही उसकी स्कूटी खड़ी थी, जिसमें मोबाइल वगैरह रखा था। TI का कहना है कि पूछताछ में पता चला है कि युवक के दोनों पैर की हड्‌डी गल रही थी, जिसका वह इलाज करा रहा था। इसकी वजह से वह परेशान रहता था। ऐसे में उसके तालाब में कूदकर आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही युवक की मौत के स्पष्ट कारणों का पता चल सकेगा।

Back to top button